बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को रोकने पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
बिलासपुर ।जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में लगातार सुधार किया जा रहा है और विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी सक्रिय रूप से इस दिशा में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि इसी रणनीति के तहत ‘बीट सिस्टम’ को और मजबूत किया गया है, जिसके माध्यम से गुंडे-बदमाशों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। असामाजिक तत्वों के जमावड़े और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अब ड्रोन तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है।एसएसपी ने पुलिस की उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि पिछले डेढ़ महीने में पुलिस ने 86 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। हाल ही में हुई एक मुठभेड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने उन जांबाज पुलिसकर्मियों की सराहना की जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर अपराधियों का सामना किया। श्री सिंह ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कोई भी अपराधी आम जनमानस की जान-माल की सुरक्षा को चुनौती देता है, तो उसे कानून के दायरे में अधिकतम सजा दिलाई जाएगी। बिलासपुर में हाल ही में हुई लूट और गोलीबारी जैसी दुस्साहसिक घटनाओं पर अंकुश लगाने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी वारदातों की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।