तिफरा पुलिस कॉलोनी के बच्चों से मारपीट,
मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ बांधे, एक का फटा सिर
बिलासपुर । हैवानियत की वाली खबर सामने आई है, जहां शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया गया। तिफरा स्थित विवेकानंद स्कूल के प्राचार्य और कुछ छात्रों पर पुलिस कॉलोनी में रहने वाले मासूम बच्चों के साथ बर्बरता का आरोप लगा है। खेल-खेल में स्कूल परिसर में गई गेंद को वापस लेने पहुंचे इन बच्चों को न सिर्फ चोर समझा गया, बल्कि आरोप है कि उन्हें तीन घंटे तक बंधक बनाकर यातनाएं दी गईं। एक बच्चे का सिर फट गया है, तो किसी का गला दबाया गया।
दरअसल बिलासपुर के तिफरा इलाके में स्थित पुलिस कॉलोनी में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब खेल रहे मासूम बच्चे लहुलुहान हालत में अपने घर पहुंचे।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों के बच्चे कॉलोनी में क्रिकेट खेल रहे थे, तभी अचानक गेंद बाउंड्री से लगे विवेकानंद स्कूल के परिसर में चली गई। जब मासूम बच्चे अपनी गेंद वापस लेने स्कूल के भीतर दाखिल हुए, तो वहां मौजूद प्राचार्य और कुछ सीनियर छात्रों ने उन्हें घेर लिया। बच्चों का आरोप है कि उन्हें पुरानी चोरी के शक में पकड़ लिया गया और बिना किसी जांच-परख के तालिबानी सजा दी जाने लगी। प्राचार्य ने शिक्षा के गरिमा को ताक पर रखते हुए मासूमों को अपराधी मान लिया। पीड़ित बच्चों ने जो आपबीती सुनाई है, वह रूह कंपा देने वाली है। बच्चों के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल और छात्रों ने मिलकर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। उनके हाथ बांध दिए गए और चिल्लाने की आवाज बाहर न जाए, इसलिए उनके मुंह में कपड़े ठूंस दिए गए। लगभग तीन घंटे तक चली इस प्रताड़ना में एक बच्चे के सिर पर गंभीर चोट आई है। जिससे खून बहने लगा,वहीं एक अन्य बच्चे का गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की गई। स्कूल प्रबंधन का तर्क है कि परिसर में कुछ माह पूर्व हुई चोरी की घटना में ये बच्चे शामिल हो सकते हैं।
वर्जन
मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई है।जिसकी जांच की जा रही है।
किशोर केवट
टीआई सिरगिट्टी थाना