डिलीवरी के बाद खर्चापानी मांगने का वीडियो वायरल
जिला अस्पताल में मुफ्त सेवाओं पर उठे गंभीर सवाल
बिलासपुर जिला अस्पताल बिलासपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां डिलीवरी के बाद मरीजों के परिजनों से खर्चापानी के नाम पर पैसे मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक महिला स्टाफ प्रसव के बाद मरीज के परिजनों से रकम मांगती नजर आ रही है। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद रिवाज या खर्चापानी के नाम पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता है, जबकि सरकारी अस्पतालों में प्रसव सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क होने का दावा किया जाता है।आरोप यह भी है कि आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों से तो आसानी से पैसे ले लिए जाते हैं, लेकिन गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर भी भुगतान के लिए दबाव बनाया जाता है। इससे न केवल व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता पर भी चिंता बढ़ गई है।वीडियो वायरल होने के बाद जांच की मांग तेज हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं के दावों के बीच उठे इस विवाद में जांच क्या निष्कर्ष निकालती है।