Blog

कालीबाड़ी नेहरू नगर क्षेत्र का सूखे नशे का अवैध साम्राज्य ध्वस्त,लंबे समय से फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरफ्तार,फरार आरोपी लगातार म.प्र.,राजस्थान, उत्तर-प्रदेश एवं उड़ीसा में बदल रहा था ठिकाने

 डीसीपी (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं डीसीपी (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट की टीम द्वारा किया गया गिरफ्तार।

 आरोपी मुकेश बनिया और आरोपी संजू के कब्जे से लगभग 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, अल्प्राजोलम (2400 नग नशीली गोलियां) तथा मोबाइल फोन्स भी बरामद हुए।

 आरोपी मुकेश बनिया पर पूर्व से 31 अपराध एवं उसके भाई संजू पर 15 अपराध है पंजीबद्ध।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीसीपी क्राइम एवं सायबर स्मृतिक राजनाला एवं डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त रणनीति में एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। इस कार्रवाई में कालीबाड़ी नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय सूखे नशे के संगठित नेटवर्क को निर्णायक रूप से ध्वस्त किया गया है।

 नेटवर्क का सिरा दिनांक 24 फरवरी 2026 की कार्यवाही से खुला। उक्त दिन थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा नेहरू नगर नरैय्या तालाब क्षेत्र में दो व्यक्ति अब्दुल जाफर एवं सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते हुए पकड़ा गया था। पूछताछ में प्राप्त मेमोरेंडम कथनों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक हाइडआउट पर दबिश दी गई, जहां से लगभग 07 किलो 397 ग्राम गांजा, गांजा पैकिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे एवं मोशन सेंसर बरामद किए गए। यह हाइडआउट पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से पूरी तरह आधुनिक तकनीक से लैस पाया गया। आरोपी अब्दुल जाफर के विरुद्ध पूर्व में 11 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध पाए गए हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं।

इसी क्रम में दिनांक 25/26 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी गई। सूचना को विधिवत रोज़नामचा में दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा निर्देशानुसार कार्रवाई की गई।

दबिश के दौरान कुख्यात सरगना मुकेश बनिया एवं उसका भाई संजू पकड़े गए। विधि अनुसार तलाशी लेने पर आरोपी मुकेश बनिया और आरोपी संजू के कब्जे से लगभग 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, अल्प्राजोलम (2400 नग नशीली गोलियां) तथा मोबाइल फोन्स भी बरामद हुए। 

 आपराधिक इतिहास की दृष्टि से भी दोनों आरोपी अत्यंत संगीन प्रवृत्ति के पाए गए हैं । मुख्य आरोपी मुकेश बनिया के विरुद्ध अब तक 31 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है, जिनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, गुंडागर्दी एवं बलवा, मारपीट, अवैध शराब बिक्री तथा एनडीपीएस एक्ट के गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी लंबे समय से फरार रहकर स्वयं को माफिया बताते हुए कालीबाड़ी नेहरू नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाए हुए था। वहीं आरोपी संजू के विरुद्ध भी 15 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों एवं सप्लाई चेन की पतासाजी की जा रही है। पूछताछ में अब तक और भी जानकारियां मिली हैं जिन पर कार्ययोजना तैयार कर कार्यवाही की जाएगी। इनके गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पतासाजी की जा रही है ।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति के तहत आगे भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *