रायपुर विवाद की चिंगारी से भड़की हड़ताल

बिलासपुर तहसील में भी बाबुओं का सामूहिक अवकाश
बिलासपुर। रायपुर तहसील में वकील और बाबू के बीच हुए विवाद की गूंज अब बिलासपुर तक पहुंच गई है। रायपुर में एक प्रकरण के दौरान बाबू द्वारा कथित रूप से पैसे की मांग को लेकर वकील और बाबू के बीच तीखी बहस हो गई थी। इसी घटनाक्रम के विरोध में आज बिलासपुर तहसील के सभी बाबू सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं।हालांकि इनके संघ की ओर से अब तक किसी प्रकार की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सामूहिक अवकाश के चलते तहसील कार्यालय का पूरा कामकाज ठप पड़ गया है। आम नागरिकों को नामांतरण, जाति-निवास प्रमाण पत्र, राजस्व प्रकरणों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि बाबुओं के अवकाश के साथ-साथ तहसीलदार भी न्यायालय में उपस्थित नहीं हैं और एसडीएम भी कार्यालय में उपलब्ध नहीं बताए जा रहे हैं। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रायपुर की घटना के विरोध में उठाया गया यह कदम अब आम जनता पर भारी पड़ता दिख रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो राजस्व कार्यों का लंबित होना तय माना जा रहा है।