अमेरी में लूट और मारपीट का विरोध करने पर ड्राइवर पर हथियार से हमला
बिलासपुर । सकरी थाना क्षेत्र के अमेरी इलाके में देर रात लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। दो युवकों ने एक ड्राइवर और उसके साथी से पर्स व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी आदित्य कोसले, निवासी विनायक विहार अमेरी, पेशे से ड्राइवर है। उसने बताया कि 26 फरवरी की रात वह अपने ससुराल सतनाम नगर अमेरी गया था। वहां से देर रात खाना खाने के बाद भीड़ अधिक होने के कारण वह अपने साथी अमन बघेल के साथ 27 फरवरी की रात करीब 1:30 बजे अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दिलीप किराना स्टोर के पास दो युवक उनसे शराब मिलने की जगह पूछने लगे। जानकारी नहीं होने की बात कहने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक आदित्य का पर्स, जिसमें 2430 रुपये थे, तथा अमन का मोबाइल छीनकर भागने लगे। विरोध करने पर एक आरोपी ने लोहे की वस्तु से आदित्य पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और पीठ में चोट आई। वहीं अमन को भी धक्का देकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।