Blog

चुनावी रंजिश में सरपंच प्रतिनिधि पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

तखतपुर : तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिलतरा में होली के दिन एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। चुनावी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने सरपंच प्रतिनिधि को घेरकर न सिर्फ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया बल्कि बेरहमी से मारपीट भी कर दी। इस घटना से पूरे गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सुनील साहू निवासी ग्राम पंचायत सिलतरा वर्तमान में वार्ड क्रमांक 4 के पंच और सरपंच प्रतिनिधि हैं। उन्होंने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 4 मार्च को दोपहर होली खेलने के दौरान जब वे अपने घर के बाहर थे, तभी गांव के ही श्यामू साहू उर्फ पप्पू साहू और राजाराम कश्यप वहां पहुंचे और उन्हें देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी।


जब सुनील साहू ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अमित साहू और अनिल साहू को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट करते हुए गाली-गलौज की।
हमले में सुनील साहू के सीने और पीठ में चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने वाले अमित साहू और अनिल साहू के चेहरे और सिर में भी चोट लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर तखतपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी श्यामू साहू उर्फ पप्पू साहू पिता जगन्नाथ साहू और राजाराम कश्यप पिता रामरतन कश्यप को शनिवार गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में रसूखदार आरोपी को न्यायालय द्वारा शनिवार को ही देर शाम जमानत दे दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *