नाबालिग बेटे को महंगी गाड़ी और ऐशो-आराम का लालच देकर उसी से घर में करवाई चोरी
बिलासपुर। सरकंडा इलाके में दोस्ती के नाम पर रची गई साजिश ने एक रिटायर्ड फौजी के घर को निशाना बना लिया। नाबालिग बेटे को महंगी गाड़ी और ऐशो-आराम का लालच देकर उसी से घर में चोरी करवाई गई। मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 10वीं में पढ़ने वाले छात्र को उसके दोस्तों ने महिंद्रा थार खरीदने का सपना दिखाया। लालच में आकर छात्र ने घर से करीब 17 तोला सोना और 200 ग्राम चांदी निकालकर दोस्तों को दे दिया। आरोपियों ने जेवरों को करीब 7 लाख रुपये में गिरवी रख दिया। इसके बाद भी आरोपी लगातार और जेवर लाने का दबाव बनाते रहे। मना करने पर छात्र को जान से मारने की धमकी दी गई। डरे सहमे छात्र ने 14 मार्च को पूरी सच्चाई अपने पिता को बता दी। शिकायत मिलते ही सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 4 नाबालिग और 4 बालिग शामिल हैं। एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस ने चोरी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।