Blog

कोठा की दीवार तोड़कर 17 बकरियों की चोरी….पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला किया दर्ज

बिलासपुर । चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंवार में पशुपालक के प्लाट से बकरा-बकरी चोरी का मामला सामने आया है। प्रार्थी मुकेश वर्मा निवासी मिडिल स्कूल के सामने ग्राम सेंवार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि चोरों ने उसके प्लाट स्थित कोठा की दीवार तोड़कर 17 नग बकरा-बकरी चोरी कर ली। प्रार्थी के अनुसार वह पिछले एक वर्ष से अपने प्लाट धान मंडी के बंगल क्षेत्र में बकरी पालन का कार्य करता है। 15 मार्च 2026 को वह रोजाना की तरह अपनी 09 नग छोटे-बड़े बकरे और 08 नग बकरियों को चराकर शाम करीब 7 बजे कोठा में बंद कर ताला लगाकर अपने पुराने घर चला गया था। इसी दौरान रात में करीब 1 से 2 बजे के बीच चोरों ने कोठा की दीवार में बड़ा छेद कर अंदर प्रवेश किया और एक-एक कर सभी बकरा-बकरियों को बाहर निकालकर चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी तब लगी जब पड़ोसी संतोष रजक ने फोन कर कोठा की दीवार टूटने और पशुओं के गायब होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर मुकेश वर्मा अपने पिता धन्नूलाल वर्मा के साथ मौके पर पहुंचे, जहां दीवार में बड़ा छेद और पशु गायब मिले। प्लाट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर एक अज्ञात व्यक्ति रात के समय बकरा-बकरी को छेद के जरिए बाहर निकालते हुए दिखाई दिया। चोरी गए पशुओं की कुल कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *