Blog
अंधे कत्ल का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल, मुंह में मिले प्लास्टिक के टुकड़े से खुला राज

रायगढ़ । तमनार पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मिलूपारा में चौकीदार की हत्या के मामले में मृतक का साथी ही हत्यारा निकला, जो लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा।
9 मार्च की रात चौकीदार लखन उर्फ धरभईया चौधरी का शव खेत में मिला था, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।शुरुआत में आरोपी अजहर अली ने 4-5 अज्ञात लोगों द्वारा हत्या की झूठी कहानी सुनाई, लेकिन पुलिस की सख्त और वैज्ञानिक जांच में वह टूट गया।
जांच के दौरान मृतक के मुंह में मिले प्लास्टिक के टुकड़े से अहम सुराग मिला, जो आरोपी के टार्च से जुड़ा था। पूछताछ में आरोपी ने विवाद के दौरान मारपीट और गला दबाकर हत्या करना कबूल कर लिया, फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और टीम को इस सफल खुलासे के लिए पुरस्कृत करने की बात कही गई है।