Blog

तेज रफ्तार बस ने ली मासूम की जान…स्कूल जाते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

बिलासपुर । रतनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। यह हादसा सुबह लगभग 8:30 बजे उस समय हुआ, जब बच्चा साइकिल से स्कूल जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 7 साधीपारा निवासी जयवंत पटेल 12 वर्ष, पिता राम किशोर पटेल, रतनपुर स्थित भेड़िमुड़ा क्रमांक 2 स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। रोज की तरह वह सुबह अपने घर से साइकिल पर सवार होकर स्कूल के लिए निकला था। जैसे ही वह साधीपारा पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग को पार कर रहा था, तभी रतनपुर से पाली की ओर जा रही विर्क सुपर बस क्रमांक सीजी 12 एक्स 0440 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। वहीं, साइकिल सवार मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक मासूम की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *