कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर एवं कृषि महाविद्यालय, लोरमी- मुंगेली की अभिनव पहल

बिलासपुर – शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व विकास एवं सांस्कृतिक समन्वय के सशक्त संदेश के साथ बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर तथा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, लोरमी-मुंगेली के छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।

अपने उद्बोधन में डॉ. चंदेल ने दोनों महाविद्यालयों की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों में इन संस्थानों ने निरंतर उत्कृष्टता हासिल की है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन के सर्वांगीण विकास का आधार है और छात्रसंघ जैसे मंच नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि देश के 74 कृषि विश्वविद्यालयों में से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर को राज्य शासन द्वारा विशेष बजट आवंटित किया गया है तथा इसे “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे यहां के विद्यार्थी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
स्वागत उद्बोधन में कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे ने महाविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों की उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और कठोर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के एल्यूमिनी एवं 07 सीजी बटालियन एनसीसी, बिलासपुर के कमान अधिकारी कर्नल लोकेश देव ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्र सेवा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, निदेशक अनुसंधान सेवाएं, ने विद्यार्थियों को नवाचार एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. अजय प्रकाश अग्रवाल, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जांजगीर-चांपा तथा डॉ. गीत शर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर की गरिमामयी उपस्थिति भी विशेष उल्लेखनीय रही।
नवगठित छात्रसंघ ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में नवगठित छात्रसंघ के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर से अध्यक्ष के रूप में सुश्री कृतिका भारद्वाज, उपाध्यक्ष सुश्री पी. दीपिका, सचिव सुश्री मानसी चंद्राकर, एवं सह-सचिव सुश्री चारु पटेल को शपथ दिलाई गई।
इसी प्रकार कृषि महाविद्यालय, लोरमी-मुंगेली से अध्यक्ष सुश्री शांति साव, उपाध्यक्ष श्री रुपेश कुमार पटेल, सचिव सुश्री प्रीति एवं सह-सचिव सुश्री हर्षिता खनूजा ने अपने पद की जिम्मेदारियां निभाने का संकल्प लिया।
कक्षा प्रतिनिधियों ने भी निभाई सहभागिता की जिम्मेदारी
कार्यक्रम में कक्षा प्रतिनिधियों को भी शपथ दिलाई गई, जो छात्र-छात्राओं और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर से एम.एससी. कृषि अंतिम वर्ष की आरुषि तलवार, एम.एससी. कृषि पूर्व की सुश्री अंशिता श्रीवास्तव एवं पंकज कुमार, बी.एससी. कृषि चतुर्थ वर्ष की सुश्री अदिति केसरी, बी.एससी. कृषि तृतीय वर्ष के श्रेयांश श्रीवास्तव, बी.एससी. कृषि द्वितीय वर्ष की सुश्री ईशा पटेल तथा बी.एससी. कृषि प्रथम वर्ष के नारायण कुमार, ज्ञान प्रकाश राजवाड़े एवं दुष्यंत जांगड़े को शपथ दिलाई गई।
इसी प्रकार कृषि महाविद्यालय, लोरमी-मुंगेली से बी.एससी. कृषि तृतीय वर्ष की सुश्री चंचल गावडे, बी.एससी. द्वितीय वर्ष की सुश्री बी. कुसमा एवं बी.एससी. कृषि प्रथम वर्ष की सुश्री राधिका पटेल ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
यह संपूर्ण प्रक्रिया प्राध्यापक एवं प्रोफेसर इंचार्ज छात्रसंघ डॉ. अजय टेगर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
वार्षिक उत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। चंद्राकर एवं आस्था त्रिवेदी के प्रभावशाली संचालन ने कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक एवं जीवंत बना दिया।
सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम का सफल संचालन वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक प्रभारी अजीत विलियम्स द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। अंत में कृषि महाविद्यालय, लोरमी-मुंगेली के अधिष्ठाता डॉ. एस.एल. स्वामी ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण, वैज्ञानिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व बोध एवं सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।