चखना सेंटर में सेना के जवान पर जानलेवा हमला…

संचालक और कर्मचारियों ने की मारपीट
सीपत पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
बिलासपुर । सीपत क्षेत्र स्थित शराब दुकान के चखना सेंटर में सेना के एक जवान पर हुए हमले ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि चखना सेंटर के संचालक और उसके कर्मचारियों ने जवान और उसके साथियों पर लोहे के रॉड व सरिया से हमला कर दिया, जिससे जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सीपत क्षेत्र के नरगोड़ा निवासी विनोद लोनिया भारतीय सेना में नायक पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती आगरा में है। वे छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। बुधवार को वे किसी काम से सीपत पहुंचे थे, जहां उन्होंने देखा कि चखना सेंटर के कर्मचारी उनके भांजे भरत लाल लोनिया के साथ मारपीट कर रहे हैं। बीच-बचाव करने पहुंचे विनोद लोनिया और उनके साथी कमल मिश्रा पर अचानक हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने लोहे के रॉड और सरिया से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया,

जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए। होश में आने के बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उन्हें सीपत थाने ले गई और वहां से सिम्स अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद जवान ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे तो ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मी ने उनका पक्ष नहीं सुना और उनका मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उनके भांजे को बुलाकर उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। दूसरी ओर, चखना सेंटर संचालक अरविंद सिंह की शिकायत पर जवान और उसके साथियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है।
इधर, घायल जवान का आरोप है कि आरोपियों ने अब समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है और परिचितों के माध्यम से फोन कर प्रलोभन दिए जा रहे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
*सेना के जवान से मारपीट और धाराएं मामूली*
सीपत पुलिस पर सेना के जवान ने गंभीर आरोप लगाया है।सेना के जवान ने कहा है किया उसके साथ घटना हुई है जान से मारने की कोशिश की गई है।इसके बाद भी पुलिस ने मामूली धाराएं लगाई है।जिससे आरोपियों की जमानत हो जाएगी
जबकि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ।