अभनपुर में आगजनी की बड़ी वारदात, ट्रैक्टर व मशीन जलकर खाक
हसदा नंबर 2 में असामाजिक तत्वों का आतंक, 16 लाख से अधिक का नुकसान
रायपुर।अभनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हसदा नंबर 2 में आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गांव के खलिहान में आग लगा दी, जिससे वहां रखा ट्रैक्टर और पैराकुटी मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते लाखों रुपये का सामान राख में तब्दील हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में करीब 16 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। मामले में पीड़ित किसान नारद साहू ने अभनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।