कोनी पोल्ट्री फार्म में 5 हजार मुर्गियों की रहस्यमयी मौत
बर्ड फ्लू की आशंका, पूरे इलाके को किया गया सील,जांच टीम पहुंची
बिलासपुर। कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट
पालन परिसर में 5 हजार से ज्यादा मुर्गा-मुर्गियों की रहस्यमयी मौत से हड़कंप मच गया है। शुरुआती लक्षणों के आधार पर बर्ड फ्लू की आशंका जताई जा रही है। पुष्टि के लिए सैंपल भोपाल लैब भेजे गए हैं, वहीं एहतियात के तौर पर पूरे पोल्ट्री फार्म को सील कर 5 किलोमीटर क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुर्गियों की मौत का सिलसिला 18 मार्च से शुरू हुआ, लेकिन समय पर इसकी सूचना उच्च अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई गई। धीरे-धीरे मौतों का आंकड़ा बढ़ता गया और मामला गंभीर होता चला गया।स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पूरे पोल्ट्री फार्म को बंद कर दिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अगर बर्ड फ्लू की पुष्टि होती है तो आसपास के क्षेत्र में मौजूद सभी मुर्गियों और अन्य पालतू पक्षियों को नष्ट किया जाएगा।इस पूरे मामले में लापरवाही भी सामने आ रही है। पोल्ट्री फार्म प्रबंधक डॉ. संजय राज के अनुसार, शुरुआत में कुछ मुर्गियों की मौत को सामान्य बीमारी माना गया, लेकिन संख्या बढ़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
रायपुर से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने मौके का निरीक्षण कर सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह बर्ड फ्लू है या कोई अन्य वायरल संक्रमण।पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. आर.के. गुप्ता ने बताया कि फिलहाल कुछ भी स्पष्ट कहना संभव नहीं है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की पुष्टि होगी, तब तक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। विशेषज्ञों ने यह भी आशंका जताई है कि यदि यह बर्ड फ्लू निकला तो इंसानों में भी संक्रमण फैल सकता है। इसी वजह से जांच टीम पूरी सुरक्षा के साथ काम कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। फिलहाल सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।