गैस नियम बदले, लेकिन रसोई की मुश्किलें और बढ़ीं
अब हर सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार।
बिलासपुर ।रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए नई परेशानी सामने आई है। गैस कंपनियों ने सिलेंडर वितरण के नियमों में एक बार फिर बदलाव किया है। जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलने के बजाय इंतजार और बढ़ गया है। नए नियमों के मुताबिक अब सिंगल सिलेंडर कनेक्शन धारकों को 25 दिन और डबल सिलेंडर वालों को 35 दिन बाद ही रीफिल मिल सकेगा। सबसे ज्यादा असर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों पर पड़ा है। अब एक सिलेंडर के लिए पूरे 45 दिनों तक इंतजार करना होगा। इससे पहले इतनी लंबी अवधि तक इंतजार की बाध्यता नहीं थी। वहीं सामान्य गैस कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की संख्या भी बड़ी है जिन्हें अलग-अलग अंतराल में सिलेंडर मिलने की व्यवस्था लागू की गई है। जिससे गैस की उपलब्धता और समय पर वितरण को लेकर असंतोष बढ़ने की संभावना है। गैस कंपनियों का दावा है कि इस बदलाव से वितरण व्यवस्था में सुधार होगा और आपूर्ति संतुलित रहेगी। हालांकि उपभोक्ताओं का अनुभव इससे अलग नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि इससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होगी और उन्हें गैस के विकल्प के तौर पर अन्य ईंधन की व्यवस्था करनी पड़ेगी।फिलहाल इस फैसले से लोगों में नाराजगी है और वे इसे राहत के बजाय नई परेशानी के रूप में देख रहे हैं।