अश्लील वीडियो के नाम पर साइबर लूट,नोएडा से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

डिजिटल ब्लैकमेलिंग का खेल बेनकाब: 1.50 लाख की उगाही
बिलासपुर।डिजिटल दौर में साइबर ठगी का जाल किस तरह आम लोगों को फंसा रहा है, इसका ताजा उदाहरण तोरवा थाना क्षेत्र में सामने आया। सोशल मीडिया के जरिए अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख 50 हजार 400 रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने नोएडा उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया।
दरअसल पीड़ित ने तोरवा थाना में शिकायत दर्ज कराई कि अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर उसे अश्लील वीडियो के नाम पर डराया गया और सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी गई। डर के माहौल में आरोपी ने यूपीआई के जरिए उससे 1.50 लाख रुपए से ज्यादा की रकम ऐंठ ली।
*डिजिटल ट्रेल से नोएडा तक पहुंची पुलिस*
मामले की जांच में पुलिस ने बैंकिंग और यूपीआई डिटेल खंगाले। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन का लिंक नोएडा से जुड़ा मिला। इसके बाद टीम ने दिल्ली-नोएडा में दबिश देकर मुख्य आरोपी गुरजीत सिंह हल्दौर बिजनौर उत्तर प्रदेश को पकड़ लिया।पूछताछ में ठगी के साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है