ब्रेड के शौकीनों के लिए झटका देने वाली खबर,पैकिंग में वजन कम किया जा सकता है या फिर स्लाइस की संख्या घटाई जा सकती है।

सतीश अग्रवाल बिलासपुर- कीमत में बढ़ोतरी मंजूर नहीं। बाजार की इस दो टूक के बाद ब्रेड की पैकिंग में 20 से 30 ग्राम वजन कम करने का विचार बेकरियां कर रहीं हैं।
ब्रेड के शौकीनों के लिए झटका देने वाली खबर। पैकिंग में वजन कम किया जा सकता है या फिर स्लाइस की संख्या घटाई जा सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि पैकिंग के लिए जरूरी प्लास्टिक बैग की कीमत लगातार बढ़ रही है। अनुपात में पैकिंग खर्चे में भी वृद्धि हो रही है।

*पहले और अब*
पैकिंग के लिए जरूरी प्लास्टिक बैग की प्रति किलो की खरीदी पर डेयरियों को अब 200 से 240 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। तेजी के पूर्व यह 140 से 200 रुपए किलो पर था। प्रति किलो 60 रुपए की वृद्धि पैकिंग पर होने वाली लागत बढ़ा रही है। रही-सही कसर “आपूर्ति के दिन के भाव पर भुगतान करना होगा”जैसी शर्त पूरा कर रही है क्योंकि कीमत हर रोज बढ़ रही है प्लास्टिक बैग में।

*पैकिंग लागत घटाने यह विचार*
प्लास्टिक बैग की कीमत में बढ़ोतरी के बाद बेकरियों ने ब्रेड की कीमत बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे बाजार ने सिरे से खारिज कर दिया है। इसलिए अब प्रति पैकिंग 20 से 30 ग्राम वजन कम करने या स्लाइस की संख्या घटाने जैसे विकल्पों पर विचार कर रही है बेकरियां। अंतिम फैसले के पूर्व होलसेल और रिटेल काउंटरों से लगातार संपर्क बनाकर सहयोग की अपेक्षा में हैं प्रदेश की बेकरियां।

*यहां कैरी बैग बंद*
डेयरियों ने अब उपभोक्ताओं को कैरी बैग देना लगभग बंद कर दिया है। समानांतर में स्ट्रीट मिल्क काउंटरों ने भी कैरी बैग का उपयोग बंद कर दिया है क्योंकि कैरी बैग की सभी किस्म की प्रति किलो दर बढ़ चुकी है। देखा-देखी सब्जी बाजार की दुकानें भी ऐसा करने लगीं हैं। इधर प्लास्टिक बाजार भी कीमत में वृद्धि और उपभोक्ता मांग में आ रही गिरावट को देखते हुए एडवांस सौदे संभल कर कर रहा है।