राममय हुआ शहर….रामनवमी पर श्री वेंकटेश मन्दिर से निकली भव्य शोभायात्रा

बिलासपुर । राम नवमी का पर्व इस बार बेहद श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर में हर ओर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इसी कड़ी में श्री वेंकटेश मंदिर सेवादार समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शुक्रवार शाम निकली इस शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और युवा शामिल हुए। पूरे शहर में ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से माहौल गूंज उठा।

शोभायात्रा श्री वेंकटेश मंदिर से शुरू होकर सदर बाजार, गोल बाजार, सिटी कोतवाली, जूना बिलासपुर, गांधी चौक, शिव टाकीज, पुराना बस स्टैंड, अग्रसेन चौक, पुलिस ग्राउंड, ईदगाह चौक होते हुए लखीराम सभागार तक पहुंची और फिर मंदिर में समापन हुआ।

यात्रा के दौरान हर चौक-चौराहे पर जोरदार स्वागत किया गया। खासकर सदर बाजार से गोल बाजार तक श्रद्धालुओं ने फूलों की बारिश कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे सड़कें फूलों की चादर से ढक गईं।

रामलला की झांकी के दर्शन के लिए लोग जगह-जगह खड़े नजर आए। महिलाओं ने सजधजकर आरती उतारी और पूरे माहौल को भक्ति से सराबोर कर दिया।

राम नवमी के अवसर पर सुबह से ही शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, खासकर हनुमान मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।

भक्ति, उत्साह और श्रद्धा से भरे इस आयोजन ने बिलासपुर को पूरी तरह राममय कर दिया, जहां हर कोई भगवान राम की भक्ति में लीन नजर आया।

