Blog

अनाज व्यापारी से 17.84 लाख की धोखाधड़ी..

फर्जी ऑनलाइन पेमेंट स्क्रीनशॉट भेजकर करता रहा गुमराह

बिलासपुर । व्यापार विहार स्थित एक अनाज कारोबारी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने भटगांव निवासी व्यापारी राजेन्द्र खाण्डेकर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला फर्जी ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट भेजकर माल उठाने से जुड़ा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संदीप अग्रहरि, निवासी इंजीनियर्स कॉलोनी कुदुदण्ड, बिलासपुर, व्यापार विहार में अग्रहरि फूड प्रोडक्ट्स नाम से अनाज का थोक व्यापार संचालित करते हैं। संदीप ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच अक्षांश किराना, भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नाम पर फोन के माध्यम से लगातार चावल और अन्य खाद्यान्न का ऑर्डर दिया जाता रहा। ऑर्डर के अनुसार माल ट्रांसपोर्ट के जरिए संबंधित पते पर भेजा गया। शिकायत में बताया गया है कि हर बार माल भेजने के बाद भुगतान किए जाने का दावा करते हुए आरोपी पक्ष की ओर से व्हाट्सएप पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भेजे जाते थे। कारोबारी ने शुरुआत में इन स्क्रीनशॉट्स पर भरोसा कर माल की आपूर्ति जारी रखी। लेकिन बाद में बैंक खाते का मिलान करने पर पता चला कि भेजे गए स्क्रीनशॉट्स के बावजूद एक रुपये का भी भुगतान खाते में प्राप्त नहीं हुआ। प्रार्थी के अनुसार, पांच महीनों में अलग-अलग तिथियों पर कुल 17 लाख 84 हजार रुपये का माल भेजा गया, जिसका भुगतान अब तक नहीं मिला है।
मामले के साथ माल के बिल, बैंक स्टेटमेंट और आरोपी द्वारा भेजे गए कथित भुगतान स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं। तारबाहर पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र खाण्डेकर के खिलाफ धारा 318(4), 338, 339 और 340(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।पुलिस अब मोबाइल नंबर, बैंकिंग लेनदेन, व्हाट्सएप चैट और ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित व्यापारिक धोखाधड़ी
माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *