पैसा बरसाने के नाम पर ठगी
बिलासपुर । अंधविश्वास और लालच का फायदा उठाकर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसा बरसाने और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 20 लाख रुपये ठग लिए गए। मामला सामने आते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार,सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में रहने वाले आनंद कुमार का संपर्क ओडिशा के एक कथित बाबा से हुआ। बाबा ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का दावा किया। लालच में आकर पीड़ित इस झांसे में फंस गया और उसने बाबा को अपने घर बुलाकर कथित पूजा कराने की हामी भर दी। बताया जा रहा है कि बाबा अपने एक सहयोगी के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और 20 लाख रुपये लेकर एक कमरे में पूजा-पाठ करने लगा। घंटों तक यह कथित अनुष्ठान चलता रहा, जिससे पीड़ित को भरोसा हो गया। अगले दिन बाबा ने प्रक्रिया पूरी करने का हवाला देकर फिर कमरे में जाने की बात कही और मौका पाकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। जब पीड़ित कमरे में पहुंचा तो वहां रखी पूरी रकम गायब थी। ठगी का एहसास होते ही उसने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।फिलहाल पुलिस ने बाबा और उसके सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।