Blog

मोमोज ठेले पर विवाद के बाद चाकू, बैट और टंगिया लेकर पहुंचे युवक….

सरेराह गुंडागर्दी, तोरवा थाने में मामला

बिलासपुर । तोरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात मोमोज ठेले के पास मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। हेमू नगर गुड़ाखू फैक्टरी के पास रहने वाले अश्विन बेरिया ने तोरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह जोन कार्यालय में ड्रायवरी का काम करता है। घटना 3 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है, जब वह अपने दोस्तों कृतिका समुद्रे और तनु समुद्रे के साथ हेमू नगर रोड किनारे एक मोमोज ठेले पर खाने गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, मोमोज ठेले के सामने खड़े रहने के दौरान एक युवक वहां आया और अश्विन को धक्का देते हुए आगे निकल गया। धक्का देने से मना करने पर युवक ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। अश्विन के साथ मौजूद दोनों युवतियों ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी और उग्र हो गया। आरोप है कि उसने क्या कर लोगे कहते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपनी कमर से एक धारदार चाकू निकालकर डराने लगा। आरोपी ने धमकी दी कि ज्यादा बोलने पर चाकू घोंप देगा। इसी बीच आरोपी के दो अन्य साथी मौके पर पहुंचे और उसे अपने वाहन में बैठाकर वहां से ले गए। हालांकि मामला यहीं नहीं थमा। शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद वही युवक अपने दो साथियों के साथ स्कूटी में दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा। इस बार उनके पास चाकू, बेसबॉल बैट और लोहे का टंगिया जैसे हथियार थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, तीनों युवक मारपीट करने की नीयत से लौटे थे, जिससे मौके पर दहशत का माहौल बन गया। डर के कारण अश्विन और उसके साथी सीधे थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी निवासी रजत दुबे, सागर सिंह और अजान खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *