Blog

नई टीम से जगी उम्मीद—रिवर व्यू कॉलोनी में अब समस्याओं के समाधान की शुरुआत

बिलासपुर ।कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी के रहवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे थे। कॉलोनी में पानी और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं लगातार बाधित थीं। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर रहवासियों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई थी। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी के पूर्व सचिव द्वारा मूलभूत सुविधाओं की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया गया।

उनका कहना था कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया जिससे हालात और बिगड़ते गए। रहवासियों ने यह भी बताया कि कॉलोनी का प्रमुख गार्डन जहां बच्चे खेलते थे उसे भी बंद कर दिया गया है। इसके कारण बच्चों को मजबूरी में सड़कों पर खेलना पड़ रहा है जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पानी की समस्या भी लगातार बनी हुई है।

इन सभी समस्याओं को देखते हुए कॉलोनीवासियों ने सहायक पंजीयक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पूर्व चुनाव को निरस्त कर दिया गया और पुराने पदाधिकारियों को अवैध घोषित किया गया। जिसके बाद नई चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई गई। नई चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन पर्यवेक्षक रामगोपाल तिवारी और निर्वाचन अधिकारी तरुण साहू की मौजूदगी में संपन्न हुई। चुनाव में सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन किया गया।
इसमें अध्यक्ष के रूप में बद्री प्रसाद चंद्रा, उपाध्यक्ष सरोज सिंह, सचिव श्रीकांत सिंह ठाकुर, संयुक्त सचिव चंद्रकुमार साहू और कोषाध्यक्ष सुरेश यादव को चुना गया। साथ ही कार्यकारिणी सदस्य के रूप में समस सिंह गोंड और गिरीश कुमार सक्सेना का चयन किया गया।

नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने कॉलोनीवासियों को भरोसा दिलाया है कि अब मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पानी, बिजली और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे, जिससे कॉलोनी के रहवासियों को जल्द राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *