शोभायात्रा की भीड़ में चाकूबाजी: मामूली विवाद बना हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

साइड हटने की बात पर भड़का विवाद, युवक के पेट में वार
सायबर ट्रैकिंग से पकड़ में आए आरोपी
बिलासपुर ।हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान भीड़ के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गाली-गलौच से शुरू हुई कहासुनी सीधे चाकूबाजी तक पहुंची, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर में निकली शोभायात्रा के दौरान पेंडलवार अस्पताल के पास सन्नी श्रीवास और सूरज साहू रैली देख रहे थे। इसी दौरान दयालबंद क्षेत्र के प्रियांशु बोले अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। साइड हटने की बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौच और मारपीट में बदल गई।
विवाद के दौरान प्रियांशु बोले ने अपने पास रखे धारदार चाकू से सूरज साहू के पेट में वार कर दिया। हमले के बाद घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे और लगातार ठिकाने बदल रहे थे। तोरवा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक की और 5 अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में
प्रियांशु बोले दयालबंद, ओम बोले दयालबंद और के. राघवेंद्र राव उर्फ सुरेश रिवर साइड होटल क्षेत्र को गिरफ्तार किया गया है।
हथियार बरामद, न्यायालय में पेश
मुख्य आरोपी प्रियांशु बोले के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
त्योहार में सुरक्षा पर सवाल, पुलिस सख्त
भीड़भाड़ वाले आयोजन के बीच इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सार्वजनिक आयोजनों में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।