नदी जाने से रोका तो 11 साल के मासूम ने उठा लिया खौफनाक कदम…
आत्महत्या से मजदूर परिवार में छाया मातम
बिलासपुर । पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकला से सोमवार को एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां ईंट भट्ठे में मजदूरी करने वाले परिवार के 11 वर्षीय मासूम शुभम केंवट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, शुभम के पिता गौकरण केंवट, जो मूल रूप से बाजार भांटा, थाना लवन, जिला बलौदाबाजार के निवासी हैं, अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ ग्राम कुकुर्दीकला स्थित ईंट भट्ठे के पास झोपड़ी बनाकर रहते हैं। परिवार मजदूरी कर अपना जीवन-यापन कर रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह शुभम की बड़ी बहन पड़ोस की एक महिला के साथ नदी में नहाने जा रही थी। इसी दौरान शुभम भी उसके साथ जाने की जिद करने लगा। बहन ने उसे डांटते हुए यह कहकर घर लौटा दिया कि बार-बार नदी नहाने नहीं जाते। इसके बाद बहन नदी चली गई।
करीब एक घंटे बाद जब बहन वापस घर लौटी, तो उसने जो दृश्य देखा, उससे उसकी चीख निकल गई। शुभम ने कपड़े का फंदा बनाकर झोपड़ी की लकड़ी से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। बहन ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पचपेड़ी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।