Blog

पेंडारी में खूनी हमला, टंगिया-हंसिया से परिवार पर टूट पड़े पड़ोसी,हमले में 4 लोग गंभीर

विवाह की खुशियां मातम में बदलीं

बिलासपुर ।सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी में सोमवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब एक ही परिवार पर पड़ोस में रहने वाले
लोगों ने टंगिया, हंसिया और लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। विवाह समारोह की खुशियां कुछ ही मिनटों में खून-खराबे में बदल गईं। इस सनसनीखेज हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पेंडारी के आवासपारा निवासी हंसराज बघेल, परमानंद बघेल, सहेत्रिन बघेल और उषा दिवाकर सोमवार शाम करीब 7 बजे घर में आयोजित विवाह कार्यक्रम के बाद आराम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मण बघेल, दिलीप बघेल, अर्जुन बघेल और सुमित्रा बघेल घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। बताया जा रहा है कि जब पीड़ित परिवार के सदस्य बाहर निकले, तो बातों-बातों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।

आरोप है कि लक्ष्मण, दिलीप और अर्जुन अचानक घर के भीतर गए और वहां से हंसिया, टंगिया और लाठी लेकर बाहर आ गए। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल घायलों को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। गांव में इस वारदात के बाद तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। इधर, सकरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि हमले की असली वजह पुरानी रंजिश थी या विवाद अचानक भड़का।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *