Blog
बेसमेंट पार्किंग में सर्विसिंग सेंटर,कोचिंग सेन्टर; नगर निगम ने तीन बिल्डिंग के पार्किंग को किया सील,मौसाजी होटल के पार्किंग में चल रहा था सर्विसिंग सेंटर,राॅयल स्वीट्स के पार्किंग में गोदाम

डी मार्ट के रेलिंग को भी तोड़ा गया,नक्शा अनुरूप निर्माण करने की चेतावनी
पार्किंग का दुरूपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
बिलासपुर- पार्किंग स्थल का दुरूपयोग करने वाले संस्थानों के खिलाफ आज नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर तीन भवनों के पार्किंग को सील किया गया है और डी मार्ट के द्वारा सड़क की ओर बनाए गए लोहे की रेलिंग को तोड़ा गया है। डी मार्ट को 48 घंटे के भीतर नक्शा अनुरूप बाऊण्ड्रीवाल बनाने के निर्देश दिए गए है।

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर आज भवन अधिकारी अनुपम तिवारी के नेतृत्व में निगम की टीम ने सीपत रोड में स्थित पार्किंग का दुरूपयोग करने वाले भवनों के पार्किंग को सील किया। सीपत रोड में संचालित मौसाजी स्वीट्स के बेसमेंट पार्किंग में होंडा कंपनी का सर्विसिंग सेंटर संचालित किया जा रहा था,जिसे सील कर दिया गया है। इसी तरह रॉयल स्वीट्स के बेसमेंट पार्किंग को गोदाम बनाया गया था,उसे भी सील किया गया है। इसके अलावा साइंस कॉलेज के पास पुष्पेन्द्र साहू के बिल्डिंग में बनाए गए पार्किंग स्थल को कोचिंग संस्थान को किराए पर दिया गया था। जिसे सील किया गया है। विदित है कि भवन मालिकों द्वारा पार्किंग स्थल का दुरूपयोग कर अन्य प्रायोजनों के लिए उपयोग किया जा रहा है, जिससे उक्त भवनों की पार्किंग सड़क पर होती है,इसके कारण ट्रैफिक व्यवधान और जाम लगता है।

उक्त कार्यवाई के दौरान भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, आशीष पाण्डेय, जुगल किशोर (उपअभियंता), अरूण कुमार यादव (मानचित्रकार), रानू पाण्डेय, सुमित तिवारी, लालराम यादव अतिक्रमण / कर्मचारी, संतोष वर्मा,शिव बहादुर जायसवाल तथा यातायात पुलिस के कर्मचारी, पुलिस बल के साथ रहें।
