Blog

अंडरब्रिज बंद होने से भड़का जनआक्रोश, रेल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

बिलासपुर – तारबाहर-सिरगिट्टी अंडरब्रिज बंद होने से परेशान शहरवासियों का गुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा… रोजमर्रा की दिक्कतों से जूझ रही जनता ने रेल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नाराजगी जताई… लोगों ने जल्द समाधान की मांग की है।

अंडरब्रिज बंद होने के कारण लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवाजाही करनी पड़ रही है… सुबह के समय नौकरीपेशा लोग, महिलाएं और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं… तेज गर्मी के बीच यह समस्या और गंभीर हो गई है… बड़ी संख्या में प्रभावित नागरिक अंडरब्रिज के पास एकत्र हुए और डीआरएम कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हर 6 महीने में 30 से 45 दिनों के लिए अंडरब्रिज बंद कर दिया जाता है… जिससे हजारों लोगों की दिनचर्या प्रभावित होती है… लोगों का कहना है कि काम की रफ्तार बेहद धीमी है और जो काम कुछ दिनों में पूरा हो सकता है, उसे अनावश्यक रूप से लंबा खींचा जा रहा है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक इस अंडरब्रिज से रोजाना 30 से 40 हजार लोग गुजरते हैं… जबकि आसपास के गांवों को मिलाकर यह संख्या 70 हजार तक पहुंच जाती है… इसके बावजूद व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

हालांकि डीआरएम कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात के बाद लोगों को जल्द काम पूरा करने का आश्वासन मिला है… लेकिन अब देखना होगा कि यह आश्वासन कब तक हकीकत बनता है… फिलहाल जनता की मांग है कि काम तेजी से पूरा कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *