उत्कल एक्सप्रेस में AC बंद, यात्रियों का हंगामा….चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन

बिलासपुर।भीषण गर्मी के बीच ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को उस वक्त भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उत्कल एक्सप्रेस का एसी अचानक बंद हो गया… नाराज यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी और जमकर हंगामा किया।कटनी से पेण्ड्रारोड होते हुए बिलासपुर के रास्ते पुरी जा रही उत्कल एक्सप्रेस पहले से ही लेट चल रही थी… इसी दौरान पेण्ड्रारोड स्टेशन के बाद एसी कोच एम-1 का एसी अचानक बंद हो गया… भीषण गर्मी में बंद कोच के कारण यात्रियों का दम घुटने लगा… खिड़कियां और गेट बंद होने से हालात और ज्यादा खराब हो गए।
यात्रियों ने एसी अटेंडेंट और टीटीई से शिकायत की, लेकिन समय पर कोई समाधान नहीं मिला… जिससे गुस्साए यात्रियों का सब्र जवाब दे गया… दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही ट्रेन उसलापुर स्टेशन के पास पहुंची, यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचे… यात्रियों की मांग पर एसी मैकेनिक को बुलाया गया… करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एसी को ठीक किया गया, जिसके बाद ट्रेन को बिलासपुर के लिए रवाना किया गया। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं… गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा को लेकर बेहतर इंतजाम की जरूरत साफ नजर आ रही है।