बाइक सवार युवक की मदद करना पड़ा सुपरवाइजर को पड़ा भारी,
नशे में धुत्त आरोपी युवक की गुंडागर्दी सीसीटीवी में कैद
बिलासपुर के पाश कालोनी की घटना, आरोपी हुआ फरार
बिलासपुर। चकरभाटा थाना
क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पाश कालोनी के सुपरवाइजर को नशे में धुत्त युवक की मदद करना भारी पड़ गया। घटना क्षेत्र के रॉयल एलिगेंस कॉलोनी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक नशे की हालत में बाइक से गिर गया था। मौके पर मौजूद सुपरवाइजर हेमसिंह यादव ने मानवता दिखाते हुए उसे उठाया और संभालने की कोशिश की। लेकिन इसके बाद हालात अचानक बिगड़ गए। नशे में धुत्त युवक ने मदद करने वाले पर ही गाली-गलौज शुरु कर दी और कुछ ही देर में मारपीट पर उतर आया। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है और तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे मामूली बात पर युवक आक्रामक हो जाते हैं और मददगार व्यक्ति को ही निशाना बना लेते हैं।
इस मामले में सुपरवाइजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है । आरोपी युवक उसी कालोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन उधार दिए पैसे वापिस नहीं लौटाने के कारण आरोपी ने नशे की हालत में सुपरवाइजर से मारपीट की थी वीडियो एक से दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वही मामला दर्ज करने के बाद युवक फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस सरगर्मी से जुटी हुई है।