Blog

नकली सिगरेट का भंडाफोड़, पान मसाला सेंटर पर पुलिस की रेड, संचालक गिरफ्तार.

रायगढ़ पुलिस ने कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सिगरेट के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। चक्रधरनगर इलाके में स्थित “महादेव पान मसाला” सेंटर और उसके गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली सिगरेट जब्त की गई है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस को आईटीसी कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत के बाद इस अवैध कारोबार की जानकारी मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि असली ब्रांड जैसे दिखने वाले नकली सिगरेट बाजार में बेचे जा रहे हैं।

पुलिस ने पहले गोपनीय तरीके से सिगरेट के नमूने खरीदे, जिसमें “गोल्ड फ्लेक” ब्रांड के पैकेट में लोगो और फॉन्ट में गड़बड़ी पाई गई। जांच के बाद टीम ने सिंधी कॉलोनी स्थित दुकान और गोदाम में रेड की, जहां से करीब 61 हजार रुपये कीमत के नकली सिगरेट पैकेट बरामद किए गए।

कार्रवाई के दौरान “महादेव पान मसाला” सेंटर के संचालक लक्ष्मण दास जय सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, ट्रेडमार्क एक्ट और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि नकली उत्पादों के जरिए उपभोक्ताओं को धोखा देने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ऐसे उत्पादों से सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें।

बताया जा रहा है कि जिले में ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत यह पहली बड़ी कार्रवाई है, जिससे नकली उत्पादों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *