11 केवी लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत, मुआवजे की मांग

कोरबा – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के काशी नगर बुधवारी का है, जहां सोमवार शाम करीब 4 बजे यह घटना सामने आई।
जानकारी के मुताबिक, दादर बस्ती निवासी 28 वर्षीय टीकाराम यादव दो मंजिला निर्माणाधीन मकान में सरिया बिछाने का काम कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। सरिया के बिजली तार से टकराते ही उसे जोरदार करंट लगा और वह छत से नीचे गिर गया।
घटना के बाद साथी मजदूरों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, टीकाराम परिवार का सबसे छोटा और इकलौता कमाऊ सदस्य था, जिसने परिवार की जिम्मेदारी के चलते शादी तक नहीं की थी।
इधर, घटना के बाद परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ रही है, जिससे श्रम कानूनों के उल्लंघन के आरोप भी उठ रहे हैं।