ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड बाबू खेमानी गिरफ्तार, मुंबई-गोवा में बड़ी रेड

रायपुर । ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में मुंबई और गोवा में एक साथ दबिश देकर कुल 7 आरोपियों को पकड़ा गया है और एक बड़े सट्टा पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले ढाई साल से 3Stumps, रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित कर रहा था। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की आड़ में वह हाई प्रोफाइल लोगों को सट्टे से जोड़कर नेटवर्क का विस्तार कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 18 मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड, राउटर, सट्टा हिसाब-किताब की कॉपियां और एक बीएमडब्ल्यू कार समेत करीब 60 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन का भी खुलासा हुआ है, जिसमें म्यूल खातों के जरिए लेन-देन किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस म्यूल अकाउंट्स, खाता धारकों और संभावित विदेशी कनेक्शन की गहन जांच कर रही है। इस पूरे मामले में अब तक 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।