अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, 54 सिलेंडर जब्त

बिलासपुर । अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत चौक इलाके में छापेमारी की। टीम ने एक दुकान और गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े ठिकाने पर दबिश देकर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
छापेमारी के दौरान मौके से 54 घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर, रिफिलिंग नोजल और तौल मशीन बरामद की गई। जांच में सामने आया कि यहां लंबे समय से नियमों को दरकिनार कर गैस रिफिलिंग का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की अवैध रिफिलिंग न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर हादसे का कारण भी बन सकती है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह का काम बेहद खतरनाक माना जा रहा है।फिलहाल विभाग ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और विभाग ने साफ किया है कि अवैध कारोबारियों पर लगातार सख्ती जारी रहेगी।