एयरपोर्ट के बाहर ऑटो चालकों में खूनी झगड़ा, बोतल मारकर सिर फोड़ा; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के Swami Vivekananda Airport के बाहर ऑटो चालकों के बीच हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। सवारी बैठाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, ऑटो चालक परमानंद धृतलहरे और जुबेर खान के बीच पहले बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर जुबेर खान ने पास में पड़ी कांच की बोतल उठाकर परमानंद के सिर पर वार कर दिया। हमले में परमानंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल चालक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर में गहरी चोट आई है, हालांकि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस के माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जुबेर खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के बाहर सवारी को लेकर ऑटो चालकों के बीच अक्सर विवाद होते रहते हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।