बिलासपुर पुलिस ने होटल संचालकों को दी ‘समाधान ऐप’ की जानकारी

हर अतिथि का विवरण अपलोड करना होगा अनिवार्य
बिलासपुर। शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों की बैठक आयोजित की। बैठक में करीब 110 संचालकों को ‘समाधान ऐप’ के उपयोग और उसके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी के निर्देश में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश परिहार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय ने होटल संचालकों को ऐप की कार्यप्रणाली समझाई।
अधिकारियों ने बताया कि समाधान ऐप के माध्यम से होटल में ठहरने वाले आगंतुकों और ग्राहकों की जानकारी सरल और त्वरित तरीके से पुलिस विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा।
बैठक में होटल संचालकों को समाधान ऐप डाउनलोड करने, पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने और उसके उपयोग की विधि की जानकारी दी गई। साथ ही निर्देशित किया गया कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध पहचान पत्र सत्यापित कर उसकी जानकारी समयबद्ध तरीके से ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह पहल कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बिलासपुर पुलिस ने सभी होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा समाधान ऐप का नियमित उपयोग करने की अपील की है।