Blog

संगठित अपराध एवं छोटे संगठित अपराध तथा ई-साक्ष्य,ई-समन एवं आई गॉट कर्मयोगी पर एक दिवसीय प्रशिक्षण

बिलासपुर। एसएसपी रजनेश सिंह के तत्वाधान में संगठित अपराध एवं छोटे संगठित अपराध तथा ई-साक्ष्य, ई-समन एवं आई गॉट कर्मयोगी‘ पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन चेतना भवन, पुलिस लाईन, बिलासपुर में राजपत्रित अधिकारियों तथा उनके अंतर्गत स्थित थाना अनुभाग में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी की उपस्थिति में आयोजित किया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला में राजपत्रित अधिकारी, थाना,चैकी प्रभारी तथा विवेचक सहित कुल 60 अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित हुए। जिन्हें ‘ संगठित अपराध एवं छोटे संगठित अपराध विवेचना की कमियों व बारीकियों का विश्लेषण कर तथा ई-साक्ष्य, ई-समन एवं आई गॉट कर्मयोगी आदि के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान कर जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिलासपुर एसएसपी के उद्बोधन से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर एवं संगठित अपराधों की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवीन विधिक प्रावधानों, तकनीकी साक्ष्यों तथा डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी अद्यतन रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में एसडीओपी नूपुर उपाध्याय द्वारा संगठित अपराध एवं छोटे संगठित अपराध विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने संबंधित कानूनी प्रावधानों, विवेचना की प्रक्रिया, अपराध नियंत्रण की रणनीतियों तथा प्रकरणों के प्रभावी निराकरण के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मार्गदर्शन दिया।
इसी क्रम में आरक्षक डीके. साहू द्वारा “ई-साक्ष्य, ई-समन एवं आई गॉट कर्मयोगी विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण, इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से समन तामील की प्रक्रिया तथा आई गॉट कर्मयोगी पोर्टल के उपयोग एवं महत्व के संबंध में व्यावहारिक जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण कार्यशाला में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपरोक्त विषयों के संबंध में जिज्ञासाएं व्यक्त कर जानकारी प्राप्त की तथा प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को आधुनिक तकनीक एवं नवीन विधिक प्रक्रियाओं से प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाना रहा, जिससे अपराधों की प्रभावी रोकथाम एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *