Blog

अयोध्या तीर्थ यात्रा के नाम पर 75 ग्रामीणों से डेढ़ लाख की ठगी…आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज

बिलासपुर।रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदईया और बछालीखुर्द के ग्रामीणों से अयोध्या तीर्थ यात्रा कराने के नाम पर रकम वसूल कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी होरी लाल अनंत के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ करने के जुटी हुई है।

दरअसल प्रार्थी हेमंत साहू पिता शत्रुहन साहू ग्राम गोंदईया ने ग्रामीणों की तरफ से रतनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार आरोपी होरी लाल अनंत पिता टेसूदास अनंत, निवासी झझपुरीकला सतनामीपारा थाना लोरमी पिछले लगभग एक वर्ष से दोनों गांवों में आना-जाना कर रहा था। वह खुद को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या से जुड़ा सदस्य बताकर ग्रामीणों का विश्वास जीतने में सफल हो गया। आरोपी ने ग्रामीणों से राम मंदिर निर्माण सहयोग के नाम पर चावल और नगद राशि भी एकत्र की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी ने बाद में अयोध्या तीर्थ यात्रा कराने का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 1501 रुपए जमा करवाए। ग्राम गोंदईया के 43 ग्रामीणों से कुल 64 हजार 543 रुपए तथा ग्राम बछालीखुर्द के 32 ग्रामीणों से 48 हजार 32 रुपए वसूले गए। इस तरह कुल 75 लोगों से 1 लाख 12 हजार 575 रुपए आरोपी ने अपने
पास जमा कर लिए। ग्रामीणों के अनुसार तीर्थ यात्रा पर ले जाने के लिए मई 2026 की तारीख तय की गई थी, लेकिन तय समय आने के बाद आरोपी अचानक संपर्क से बाहर हो गया। उसका मोबाइल बंद आने लगा और उसने गांवों में आना-जाना भी बंद कर दिया। इससे ग्रामीणों को संदेह हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।
शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी ने धार्मिक आस्था और भगवान राम के नाम का सहारा लेकर लोगों का भरोसा जीता और फिर तीर्थ यात्रा के नाम पर रकम ऐंठ ली। जब लंबे समय तक कोई यात्रा आयोजित नहीं हुई और आरोपी गायब हो गया, तब दोनों गांवों के लोगों ने सामूहिक रूप से थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। रतनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी रही।इसी बीच पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
है।पकड़े गए आरोपी से ठगी के मामले को लेकर बारीकी से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *