Blog

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक और उसके भाई पर जानलेवा हमला

महमंद बाजार में चाकूबाजी

बिलासपुर ।तोरवा थाना क्षेत्र के महमंद बाजार में रविवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक हटाने को लेकर महिला से शुरू हुए विवाद में कुछ युवकों ने बीच बचाव करने वाले एक छात्र और उसके भाई पर हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लालखदान संतनगर निवासी युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बीएएलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। 24 मई की रात करीब 8:20 बजे वह महमंद बाजार में सब्जी खरीदने गया था। इसी दौरान उसने देखा कि लालखदान निवासी गोविंदा पासी, अर्जुन यादव और उनका एक अन्य साथी एक महिला से दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल

हटाने की बात को लेकर गाली-गलौज और बहस कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक युवक ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उस पर ही हमला कर दिया। आरोप है कि गोविंदा पासी ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घायल युवक ने तत्काल अपने भाई अमन पाटले को फोन कर घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि घायल युवक इलाज के लिए जा रहा था, उसी दौरान उसका भाई अमन पाटले उसे खोजते हुए बाजार पहुंचा।

आरोप है कि वहां मौजूद गोविंदा पासी, अर्जुन यादव और उनके साथी ने अमन पाटले के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आरोपियों ने चाकू से 3 से 4 वार किए, जिससे अमन के सिर, सीने और पेट में चोटें आईं। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। घायल अमन पाटले को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *