Blog

कर्मचारियों और आमजन की सुविधाओं को लेकर लिपिक संघ सक्रिय

बिलासपुर/मुंगेली। जिला कार्यालय कलेक्टर मुंगेली स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को हो रही मूलभूत समस्याओं को लेकर लिपिक संघ जिला मुंगेली ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। लिपिक संघ के जिला अध्यक्ष एस. ए. रिजवी के नेतृत्व में कलेक्टर श्री कुंदन कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें भवन परिसर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं का उल्लेख किया गया।

ज्ञापन में बताया गया कि कम्पोजिट बिल्डिंग के शौचालयों में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे कर्मचारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा परिसर में पीने के स्वच्छ पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों एवं ग्रामीण नागरिकों को कैंटीन सुविधा नहीं होने के कारण भोजन और पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार सिंह ने तत्काल अपर कलेक्टर को समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश के बाद अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डे तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाएं सुधारने की प्रक्रिया शुरू की।

लिपिक संघ के जिला अध्यक्ष एस. ए. रिजवी ने कलेक्टर की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता से कर्मचारियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कर्मचारियों की समस्याओं पर इसी तरह गंभीरता से कार्यवाही की जाएगी।

कर्मचारियों और आमजन की सुविधा से जुड़े इस मुद्दे पर प्रशासन की सक्रियता को सकारात्मक पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई है कि जल्द ही कम्पोजिट बिल्डिंग में मूलभूत सुविधाएं बेहतर होंगी, जिससे कार्यालय आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *