Blog

हाईवा चालक का अपहरण कर लूटपाट….

नकाबपोश बदमाशों ने फोन पे से वसूले 10 हजार रुपए

बिलासपुर – सकरी थाना क्षेत्र में हाईवा चालक के साथ मारपीट, लूटपाट और जबरन ऑनलाइन रकम वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार अज्ञात नकाबपोश आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार उसलापुर शिवनगर निवासी हमेश कुमार कोशले हाईवा चालक है। उसने पुलिस को बताया कि 1 जून की रात वह अपने मित्र दीपक मानिकपुरी और दुर्गेश यादव के साथ हाईवा क्रमांक सीजी 04 एलक्यू 9405 में मुरूम खाली करने के बाद चिल्ली लोड कराने दबेना जा रहा था। रात करीब 1 बजे जब वे संबलपुर तालाब के पास पहुंचे, तब जंगल की ओर से टॉर्च की रोशनी दिखाई दी। वाहन रोककर

देखने पर वहां एक इलेक्ट्रिक ट्रेलर और होंडा साइन मोटरसाइकिल खड़ी थी। इसी दौरान चार नकाबपोश युवक गाली-गलौज करते हुए उनकी ओर बढ़े। विवाद बढ़ने पर तीनों वहां से भागने लगे, लेकिन हमेश का पैर नाले में फिसल गया और वह गिर पड़ा। आरोपियों ने उसे पकड़कर पास के जंगल में ले जाकर परसा के डंडे से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उसके मोबाइल से हाईवा मालिक श्रवण यादव को फोन लगाया और रकम की मांग की। बाद में फोनपे के माध्यम से 2-2 हजार रुपये की पांच किश्तों में कुल 10 हजार रुपये उसके खाते में डलवाए। इसके बाद आरोपियों ने फोनपे आईडी और पासवर्ड भी पूछ लिया।
बदमाश पीड़ित के गले में पहनी करीब 6 तोला चांदी की चेन, वनप्लस मोबाइल, पावर बैंक, केबल और नेकबैंड भी लूटकर फरार हो गए। सकरी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *