Blog

चाकू दिखाकर स्कूटी और नकदी लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार,लूटी गई स्कूटी बरामद

बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने लूट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सेंवार निवासी सुनील यादव ने चकरभाठा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्ड्रिंक में हाउस कीपिंग का कार्य करता है। 16 जून की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 10 ईडी 9432 से काम से लौटकर गांव जा रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे और उसे जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गया।इसके बाद तीनों आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसके पास मौजूद रुपये-पैसे मांगने लगे। आरोपियों ने उसके लोवर की जेब में रखे 395 रुपये लूट लिए तथा उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान नयापारा सिरगिट्टी निवासी प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20 वर्ष), रोहन दास (21 वर्ष) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटी गई 395 रुपये की राशि तथा प्लेजर मोपेड बरामद कर जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल-112 पर दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *