जेसीबी के टायर में हवा भरते समय हुआ जोरदार ब्लास्ट,हेल्पर की मौत

बिलासपुर । चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलीमेंट कॉलोनी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जेसीबी मशीन के बड़े टायर में हवा भरने के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट में एक हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का दर्दनाक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने के बाद मची अफरा-तफरी दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कॉलोनी परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन के टायर में हवा भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक टायर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टायर का डिस्क और लोहे के अन्य हिस्से कई फीट दूर तक जा गिरे और आसपास खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में जेसीबी हेल्पर सीपत निवासी उमाकांत कौशिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं टायर मिस्त्री ओसामा, जेसीबी चालक भूपेंद्र राव और कर्मचारी अमृत लाल यादव भी घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टायर में अधिक दबाव बनने के कारण ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद कॉलोनी में शोक और दहशत का माहौल है।
एक धमाका और बिखर गई जिंदगी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक निर्माणाधीन कॉलोनी परिसर में जेसीबी के टायर की मरम्मत का काम चल रहा था। पंचर बनाने के बाद टायर में हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ सेकंड के लिए पूरा परिसर सन्न रह गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धमाके के साथ ही हेल्पर उमाकांत कौशिक सीधे हवा में उछल गया। जमीन पर गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि उसका जबड़ा तक उखड़कर दूर जा गिरा। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
ऑपरेटर, मैकेनिक समेत तीन लोग घायल
टायर फटने की चपेट में आने से जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक और एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सीसीटीवी में कैद हुआ मौत का लाइव मंजर
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि टायर में हवा भरी जा रही है और अगले ही पल जोरदार धमाका होता है। धमाके के साथ हेल्पर हवा में उछलता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद हादसे की भयावहता और भी स्पष्ट हो गई है।