Blog

स्वच्छता अभियान के तहत सर्वेश्वरी समूह ने मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा एवं गिरजाघरों में 300 नि:शुल्क झाड़ू वितरित किए

बिलासपुर। अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह के 19 सूत्रीय जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के अंतर्गत परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की असीम कृपा एवं पूज्य गुरुदेव गुरूपद संभवराम बाबा जी के पावन निर्देशन में स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत बिलासपुर एवं आसपास के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में स्थित विभिन्न मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों एवं गिरजाघरों में 300 झाड़ुओं का निःशुल्क वितरण किया गया।

इस अवसर पर समूह के सदस्यों ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा संचालित 19 सूत्रीय जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी लोगों के साथ साझा की तथा स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और जनजागरूकता का संदेश दिया।

यह अभियान शाखा मंत्री उमेश नारायण मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान कोनी, सेंदरी, तुरकाडीह, निरतू, घुटकु, रमतला, बिरकोना, बैमा नगोई, रानीगांव, रतनपुर सहित शहर के गोलबाजार, सरकण्डा, तिलक नगर, गोड़पारा, शनिचरी बाजार, मसानगंज, चांटीडीह, चिंगराजपारा, लिंगियाडीह, दयालबंद, बसंत विहार, राजकिशोर नगर, मोपका, जरहाभाठा, गंगा नगर, नेहरू नगर, सिंधी कॉलोनी, पारीजात कॉलोनी एवं विनोबा नगर आदि क्षेत्रों के लगभग 150 मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और गिरजाघरों में झाड़ू वितरित किए गए।

इस अवसर पर समूह के कार्यकर्ताओं ने उपस्थित नागरिकों को श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं सेवा कार्यों की जानकारी भी दी। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

शाखा मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने बताया कि श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा प्रतिवर्ष समाज हित एवं जनकल्याण के लिए अनेक सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसी कड़ी में यह निःशुल्क झाड़ू वितरण अभियान आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि इसी वर्ष फरवरी माह में भी 300 झाड़ुओं का निःशुल्क वितरण किया गया था। वर्तमान अभियान में 300 झाड़ुओं के वितरण के साथ वर्ष 2026 में अब तक कुल 600 झाड़ुओं का निःशुल्क वितरण किया जा चुका है।

समूह का यह सेवा कार्य सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदनाओं एवं जनकल्याण की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी एवं अनुकरणीय बताया।

अंत में शाखा मंत्री ने बताया कि सर्वेश्वरी समूह द्वारा जुलाई माह में ग्रामीण अंचल में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान की जा सके।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि आगामी 29 जुलाई को आश्रम परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं सभी धर्मबंधुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *