चरित्र शंका में पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर आग लगाकर फरार हुआ पति

बिलासपुर । जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा भट्ठा का है। जानकारी के मुताबिक देर रात करीब ढाई बजे आरोपी जनीराम यादव ने पहले बच्चों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आंगन में सो रही अपनी पत्नी मोंगरा बाई यादव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक आग की लपटों में घिरी महिला चीखते हुए बाहर भागी और रेत पर लोटकर किसी तरह आग बुझाई, जिससे उसकी जान बच सकी।
गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
चरित्र शंका में पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा के खौफनाक चेहरे को सामने लाती है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।