Blog

जान जोखिम में डालकर मछली पकड़ रहे मछुआरे

बिलासपुर । कोटा ब्लॉक स्थित सलका बैराज डैम से सामने आई ये तस्वीरें हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रही हैं। यहां मछुआरे तेज बहाव के बीच डैम के लोहे के गेट पर चढ़कर मछली पकड़ रहे हैं। एक छोटी-सी चूक किसी भी वक्त बड़े हादसे में बदल सकती है, लेकिन न तो नियमों का पालन हो रहा है और न ही सुरक्षा व्यवस्था नजर आ रही है।

सलका बैराज डैम में आसपास के गांवों के मछुआरे रोजी-रोटी की तलाश में अपनी जान दांव पर लगा रहे हैं। मछलियां पकड़ने के लिए वे सीधे डैम के लोहे के गेट पर उतर जाते हैं, जहां नीचे तेज पानी का बहाव बना रहता है। फिसलन और तेज धारा के बीच यह नजारा किसी भी पल हादसे का कारण बन सकता है।

नियमों के मुताबिक बिना विभागीय अनुमति डैम में मछली पकड़ना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद खुलेआम नियमों की अनदेखी हो रही है। मछुआरों का कहना है कि उनके पास रोजगार का कोई दूसरा साधन नहीं है, इसलिए जोखिम उठाना उनकी मजबूरी बन गई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि डैम पर सुरक्षा कर्मी तैनात होने के बावजूद इस खतरनाक गतिविधि पर रोक क्यों नहीं लग रही। यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया, तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग चेतता है या फिर किसी दुर्घटना के बाद ही कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *