Blog

हत्या मामले में बेलगहना चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

बिलासपुर जिले के बेलगहना में एक हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को छठी कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों ने मिलकर अमर सिंह पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस केस डायरी के अनुसार, 7 जुलाई की शाम अमर सिंह अपने पड़ोसी मोतीलाल पोर्ते के घर आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। वहीं रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप बाकरे ने शराब पीने को लेकर विवाद शुरू किया। बहस बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने अमर सिंह के साथ मारपीट की और लात-घूंसों से गंभीर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी की बात भी आरोपियों ने नहीं मानी।

आरोप है कि रात करीब 12 बजे तीनों आरोपी अमर सिंह को घसीटते हुए कार्यक्रम स्थल से लगभग 60 से 65 मीटर दूर उनके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण अमर सिंह की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और अगले दिन रात में उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप बाकरे को 10 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की जांच के लिए न्यायालय से आरोपियों की न्यायिक रिमांड बढ़ाने का अनुरोध किया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *