Blog

सख्त जांच स्ट्रीट फूड काउंटरों की

– तैयार हो रहा खाद्य एवं औषधि प्रशासन

महासमुंद- निर्माण सामग्री शुद्ध या अशुद्ध? निर्माण स्थल स्वच्छ या अस्वच्छ? विक्रय करने वाली जगह की भी सूक्ष्मता के साथ जांच की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन तैयार हो रहा है स्ट्रीट फूड काउंटरों की सघन जांच करने के लिए। निशाने पर चाट भंडार, एग सेंटर और पान ठेले इसलिए रहेंगे क्योंकि अशुद्ध और अस्वच्छ माहौल की शिकायत लगातार मिल रही है।


इसलिए स्ट्रीट फूड काउंटर

शाम को ही संचालित होतीं हैं चाट की दुकानें। कुछ दूरी पर ही नजर आते हैं, एग सेंटर जहां एग रोल और आमलेट बनाएं एवं बेचे जाते हैं। इसी तरह फालूदा बेचने वाले खोमचे और पान ठेले भी पूरे दिन लगते हैं। फौरी जांच में इन सभी जगहों पर निर्माण और विक्रय करने के लिए जारी सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर गंभीरता नजर नहीं आई। अस्वच्छ माहौल में यह गतिविधियां सेहत को नुकसान पहुंचा सकतीं हैं।


होगी सख्त जांच

निर्माण सामग्री की न केवल सख्त जांच होगी बल्कि संदेह की स्थितियों में सैंपल भी लिए जाएंगे। तैयार खाद्य सामग्री की जांच इसलिए किए जाने की तैयारी है क्योंकि विक्रय के लिए रखी गई सामग्री की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते, इससे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।


अनिवार्य है यह

पंजीयन एवं लाइसेंस की भी जानकारी ले रहा खाद्य एवं औषधि प्रशासन क्योंकि बड़ी संख्या में बगैर जरूरी औपचारिकताओं के कारोबार किए जाने की जानकारियां मिलीं हैं। कार्यरत कर्मचारियों को न केवल हेड कैप, हैंड ग्लव्स, मास्क और गम बूट पहनना होगा बल्कि तय समय अवधि में स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाना होगा। इससे संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखने होंगे।

वर्जन
बहुत जल्द अभियान

बारिश का मौसम है। ऐसे में खान-पान सामग्री बनाने और बेचने के दौरान विशेष सतर्कता रखना अनिवार्य है। बहुत जल्द अभियान शुरू कर रहे हैं।

  • उमेश वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *