Blog

बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी बेपटरी, बड़ा हादसा टला

बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के डाउन लाइन सेक्शन में शनिवार शाम एक मालगाड़ी का वैगन बेपटरी हो गया। घटना स्टेशन से कुछ ही दूरी पर शंकर नगर आरओबी के नीचे हेमूनगर-गणेशनगर क्षेत्र के पास हुई। मालगाड़ी की रफ्तार बेहद धीमी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालगाड़ी बिलासपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी।

चुचुहियापारा के समीप पहुंचते ही अचानक एक वैगन के पहिए पटरी से उतर गए, जिससे ट्रेन वहीं रुक गई। घटना की जानकारी तत्काल रेलवे कंट्रोल कार्यालय को दी गई, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया।
सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग की टीमें राहत एवं बहाली कार्य में जुट गईं। दुर्घटनास्थल पर आवश्यक उपकरणों के साथ कर्मचारियों ने बेपटरी हुए वैगन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने और ट्रैक को सुरक्षित बनाने का काम शुरू किया।
रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
रेलवे सूत्रों के अनुसार घटना बिलासपुर रेलवे स्टेशन के अत्यंत निकट हुई और उस समय मालगाड़ी की गति काफी कम थी।

यही वजह रही कि केवल एक वैगन ही पटरी से उतरा और किसी प्रकार की बड़ी क्षति या जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा है।
रेलवे प्रशासन ने डाउन लाइन को जल्द से जल्द पूरी तरह सुचारू करने के लिए युद्धस्तर पर बहाली कार्य शुरू कर दिया है।

घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बेपटरी होने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *