बर्जेस की अपूर्वी और आकांक्षा ने जीता गोल्ड, राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

बिलासपुर। सीबीएसई जोनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बर्जेस अंग्रेजी शाला की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। 17 वर्ष आयु वर्ग में अपूर्वी यादव तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में आकांक्षा रजक ने स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा में आयोजित होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव जयदीप रॉबिन्सन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बर्जेस अंग्रेजी शाला में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास सुनिश्चित करना है, ताकि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. संगम शुक्ला ने सभी खिलाड़ियों को इस उल्लेखनीय सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल प्रभारी जाविद अली ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व अपूर्वी यादव, आकांक्षा रजक, रिया पांडे एवं प्रियांशु यादव ने किया। सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से अपूर्वी यादव और आकांक्षा रजक ने अपने-अपने आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।